कोलंबो , दिसंबर 20 -- श्रीलंका ने आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 के लिए ऑलराउंडर दासुन शनाका की अगुवाई में 25 सदस्यीय प्रारंभिक टीम की घोषणा की है।

चयनकर्ताओं ने टीम में पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा और पूर्व कप्तान असलंका जैसे सफेद गेंद क्रिकेट का अनुभव रखने वाले मजबूत खिलाड़ियेां को शामिल किया हैं। ऑलराउंडर के तौर पर वानिंदु हसरंगा, धनंजय डी सिल्वा, कामिंदु मेंडिस और दुनिथ वेल्लालागे बल्ले और गेंद दोनों से संतुलन प्रदान करते हैं। गेंदबाजी यूनिट में दुशमंथा चमीरा और मथीशा पथिराना जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज शामिल हैं, साथ ही मिस्ट्री स्पिनर महेश थीक्षाना भी हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अनुसार, ईशान मलिंगा, विजयकांत व्यासकांत और ट्रैवीन मैथ्यू जैसे कई युवा खिलाड़ियों को भी टूर्नामेंट से पहले अपनी जगह बनाने का मौका मिला है। टीम में 2024 में हुए पिछले टी-20 विश्व कप के तेरह खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के अगले एडिशन के लिए बरकरार रखा गया है। इनमें शनाका, हसरंगा, असलंका, कुसल मेंडिस, निसांका, कामिंदु मेंडिस, डी सिल्वा, थीक्षाना, दुनिथ वेल्लालागे, चमीरा, नुवान तुषारा, मथीशा पथिराना और दिलशान मदुशंका शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि अंतिम टीम की पुष्टि सात फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के करीब की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित