चेन्नई , अप्रैल 9 -- श्रीलंकाई नौसेना तटरक्षकों ने गुरुवार एक बार फिर समुद्री सीमा लांघकर मछली पकड़ने के दौरान तमिलनाडु के 10 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया।
तटीय रामनाथपुरम जिले के रामेश्वरम द्वीप के रहने वाले ये मछुआरे बुधवार रात मछली पकड़ने के लिए समुद्र में उतरे थे और अपने पारंपरिक जल क्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे। उसी समय श्रीलंकाई नौसेना ने उन पर अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पार करने और उनके समुद्री क्षेत्र में अवैध तरीके से मछली पकड़ने का आरोप लगाते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया और उनकी नाव भी जब्त कर ली।
भारतीय मछुआरे धनुषकोडी क्षेत्र के पास मछली पकड़ रहे थे जब श्रीलंकाई नौसेना की एक गश्ती नाव ने उन्हें रोका और हिरासत में ले लिया। उन्हें बाद में श्रीलंका के तलैमन्नार मत्स्य बंदरगाह ले जाया गया और आगे की कार्रवाई के लिए मत्स्य विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया।
गिरफ्तारी की यह ताजा घटना लगभग दो सप्ताह पहले सात रामेश्वरम मछुआरों की गिरफ्तारी के तुरंत बाद हुई है। मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने जबकि इस पेचीदे मुद्दे का स्थायी समाधान खोजने के लिए केंद्र को बार-बार पत्र लिखे, फिर भी ये घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही, जिससे मछुआरा समुदाय में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि मछुआरा समुदाय गिरफ्तारी की हर घटना के दौरान विरोध प्रदर्शन करता है और तमिलनाडु के मछुआरों की बार-बार गिरफ्तारी के लिए श्रीलंकाई सरकार की निंदा करते हुए नारे लगाता है और उनकी रिहाई की मांग करता है। श्री स्टालिन ने केंद्र सरकार से भी तत्काल हस्तक्षेप करने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की है। आजीविका के लिए पूरी तरह से समुद्र पर निर्भर मछुआरों की बार-बार होने वाली गिरफ्तारी ने इस समुदाय को बहुत पीड़ा पहुंचाई है।ताजा घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब विभिन्न मछुआरा संघों ने इन गिरफ्तारियों की निंदा करने के लिए बार-बार हड़ताल की और समुद्र से दूर रहे। श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिलनाडु के मछुआरों को गिरफ्तार करने की घटनाओं को परिवार ने चिंताजनक बताया और संपूर्ण मछुआरा समुदाय के लिए यह गहरी चिंता का विषय बना हुआ है, जबकि मछुआरा संघों ने पाक जलडमरूमध्य में इस लंबे समय से चले आ रहे मुद्दे के कूटनीतिक समाधान की बार-बार अपील की है।
श्री स्टालिन के केंद्र सरकार को कूटनीतिक माध्यमों से पकड़े गए मछुआरों की रिहाई सुनिश्चित करने और इस भावनात्मक मुद्दे का स्थायी समाधान खोजने के लिए दोनों देशों के मछुआरा संघों के संयुक्त कार्य समूह की बैठक बुलाने के बार-बार अनुरोध के बावजूद गिरफ्तारियों का सिलसिला बेरोकटोक जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित