नयी दिल्ली , अप्रैल 10 -- गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी श्रीराम फाइनेंस और अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) ने मिलकर व्यापारियों की वित्तीय जरूरतों के लिए शुक्रवार को एक विशेष फिनटेक पोर्टल की शुरुआत की।
उद्घाटन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल और श्रीराम फाइनेंस के संयुक्त प्रबंध निदेशक एवं मुख्य परिचालन अधिकारी के अलावा दोनों संगठनों के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
यह पोर्टल कैट के सदस्यों और व्यापारियों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। इससे 48 हजार से अधिक व्यापारिक संघों के नौ करोड़ से ज्यादा व्यापारी लाभान्वित हो सकेंगे।
फिलहाल वे एमएसएमई ऋण, व्यक्तिगत ऋण, स्वर्ण ऋण, दुपहिया वाहन और वाणिज्यिक वाहन के लिए आवेदन कर सकते हैं। बाद में इसमें और विकल्प जोड़े जायेंगे। आवेदन के बाद की प्रक्रिया भौतिक होगी।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि यह फिनटेक पोर्टल व्यापारी वर्ग के वित्तीय समावेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कैट के विशाल नेटवर्क और श्रीराम फाइनेंस की मजबूत ऋण क्षमता व्यापारियों को सरल, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से ऋण उपलब्ध करायेगी।
श्री जिलानी ने व्यापारी और छोटे व्यवसाय को देश की विकास यात्रा की धुरी बताते हुए कहा कि श्रीराम फाइनेंस उन लोगों तक ऋण पहुंचाने का प्रयास कर रही जिन्हें इसकी सबसे अधिक जरूरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित