श्रीनगर , जनवरी 28 -- जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में भारी बर्फबारी के कारण हवाई अड्डे पर हवाई यातायात के पूरे एक दिन बंद रहने के बाद बुधवार को दोबारा शुरू हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
श्रीनगर में मंगलवार को हिमपात के कारण सभी यात्राएं रद्द हो गयी थीं। श्रीनगर हवाई अड्डे के निदेशक जावेद अंजुम ने बताया कि मौसम में सुधार आने के बाद यात्राएं बुधवार को फिर से शुरू कर दी गयीं। इससे पूर्व, श्रीनगर हवाई अड्डा प्रशासन ने सोशल मीडिया पर जारी एक एक बयान में कहा कि रनवे, टैक्सी का रास्ता और रैंप से बर्फ हटा दी गयी थी और हवाई अड्डा संचालन के लिये तैयार कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि कश्मीर में मंगलवार को बड़े पैमाने पर बर्फबारी हुई, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और घाटी देश के बाकी हिस्सों से कट गयी। हवाई यातायात की सेवाएं भले ही फिर से शुरू हो गयी हैं, लेकिन रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बुधवार को भी बंद रहा।
इस बीच, कश्मीर घाटी में रात का तापमान शून्य के करीब रहा। मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुलमर्ग और पहलगाम में रातें ज़्यादा ठंडी रहीं, जहां तापमान क्रमशः शून्य से नीचे 9.8 डिग्री सेल्सियस और शून्य से नीचे 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुपवाड़ा और कोकरनाग में भी तापमान शून्य से नीचे 0.7 डिग्री सेल्सियस और शून्य से नीचे 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित