श्रीनगर , जनवरी 28 -- कश्मीर में हिमपात के कारण एक दिन तक उडान सेवाएं रद्द रहने के बाद बुधवार को श्रीनगर हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को हुई मध्यम से भारी हिमपात ने श्रीनगर शहर सहित कश्मीर घाटी में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया था, जिससे सभी उड़ानें रद्द कर दी गई थीं और श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई प्रमुख सड़कें बंद हो गई थीं।

श्रीनगर हवाई अड्डे के निदेशक जावेद अंजुम ने यूनीवार्ता को बताया कि मौसम की स्थिति में सुधार के बाद बुधवार को उड़ानें फिर से शुरू हो गईं। इसी तरह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को भी एक दिन बंद रहने के बाद आज यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों दिशाओं से यात्री यातायात की अनुमति दी गई। हालांकि, कश्मीर को जम्मू के पुंछ और राजौरी जिलों से जोड़ने वाले मुगल रोड, श्रीनगर-लेह राजमार्ग और सिंथन रोड सहित अन्य प्रमुख मार्ग अभी भी बंद हैं।

इस बीच, पूरी कश्मीर घाटी में रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पर्यटन स्थल गुलमर्ग और पहलगाम में रात और अधिक ठंडी रहीं, जहाँ न्यूनतम तापमान क्रमशः शून्य से 9.8 डिग्री नीचे और शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। कुपवाड़ा और कोकरनाग में भी तापमान क्रमश: शून्य से नीचे 0.7 डिग्री और शून्य से नीचे 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 29 से 31 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा और 31 जनवरी की शाम तक आसमान में बादल छाने के आसार हैं। पूर्वानुमान के अनुसार, एक और दो फरवरी को आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं, जिसमें क्षेत्र के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात हो सकता है। तीन से छह फरवरी तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।

विभाग ने मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों, ट्रांसपोर्टरों, किसानों और आम जनता को सावधानी बरतने की सलाह दी है। यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित यातायात अधिकारियों से सड़कों और राजमार्गों की स्थिति की पुष्टि करें और प्रशासनिक निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित