देहरादून , दिसम्बर 05 -- उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर का दो दिवसीय दौरा करेंगे। इस दौरान वह फरासू में लिफ्ट सिंचाई योजना के कार्यों का शिलान्यास करने के अलावा स्वीत गांव में रेल लाइन परियोजना प्रभावितों को अनुग्रह राशि के चैक वितरित करेंगे।
डॉ. रावत हर साल आयोजित होने वाले बूंखाल मेले में शामिल होकर कालिंका मंदिर के भी दर्शन करेंगे। इसके साथ ही वह विधानसभा क्षेत्र में जनसम्पर्क कर आम लोगों की समस्याओं को भी सुनेंगे।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि छह दिसंबर को अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान वह बूंखाल-कालिंका मंदिर का दर्शन कर क्षेत्रवासियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसम्पर्क कर आम लोगों की समस्याओं को सुनेंगे, दौरे के दौरान वह विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों व चिकित्सा इकाईयों का औचक निरीक्षण भी करेंगे,साथ ही क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करेंगे।
रविवार को वह लिफ्ट सिंचाई योजना के कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद फरासू और चमधार में भूस्खलन जोन का स्थलीय निरीक्षण करके राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे कार्यों का जायजा लेंगे।
उन्होंने बताया कि हाल ही में दोनों भूस्खलन क्षेत्रों के मरम्मत कार्यों के लिये 90 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई थी। इसके बाद स्वीत गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में रेल लाईन परियोजना के टनल निर्माण से प्रभावित भू-स्वामियों को मुआवजा राशि के चैक वितरित की जायेगी। इसके अलावा उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम में नवनिर्मित टाईप-5 आवासीय भवनों का लोकार्पण किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित