श्रीगंगानगर , फरवरी 11 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार को महिला थाना प्रभारी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना तड़के करीब चार बजे की है। पुलिस की 112 नंबर वाली जीप गश्त पर थी। जीप में महिला थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक ज्योति नायक, जीप का चालक और एक अन्य नितेश (23) सवार थे। विनोबा बस्ती दुर्गा मंदिर के नजदीक, पायल सिनेमा चौराहा पर तेज गति से आ रही एक काले रंग की हरियाणा नंबर वाली कार ने जीप को टक्कर मार दी। टक्कर से पुलिस की जीप पलट गई जिससे पुलिस निरीक्षक ज्योति नायक गाड़ी से बाहर आ गिरीं। गाड़ी उनके ऊपर पलट गई। उसके नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई जबकि जीप चालक, नितेश और कार चालक घायल हो गये। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने ज्योति नायक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गये। जीप चालक, कार चालक और नितेश को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस निरीक्षक ज्योति नायक श्रीगंगानगर में महिला थाना की प्रभारी के रूप में कार्यरत थीं। वह कर्तव्यनिष्ठा और महिलाओं के मुद्दों पर सक्रियता के लिए जानी जाती थीं। श्रीमती नायक के पिता डॉ रामप्रताप कांग्रेस के अनुसूचित विभाग के प्रदेश महामंत्री हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित