श्रीगंगानगर , जनवरी 22 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में पुराने राजकीय चिकित्सालय परिसर स्थित मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) न्यायालय के बाहर बुधवार को एक अधिवक्ता और राज्य के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं राज्य के पूर्व उपमंत्री जगतारसिंह कंग के भाई करतार सिंह कंग केबीच झगड़ा हो गया।

इस घटना में करतार सिंह कंग घायल हो गये और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी, जिसके आधार पर मामले दर्ज किये गये हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सू्त्रों ने गुरुवार को बताया कि अपराह्न करीब चार बजे एनडीपीएस न्यायालय के बाहर अधिवक्ता राजेश ग्रेवाल और करतारसिंह कंग (74) के बीच कृषिभूमि को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत करोड़ों रुपये बतायी जा रही है। इस भूमि को लेकर लंबे समय से अधिवक्ता राजेश ग्रेवाल और करनैल सिंह,जो जगतार सिंह कंग के भाई हैं, के बीच दीवानी विवाद चल रहा है। यह मामला विचाराधीन है।

करतारसिंह कंग ने पुलिस को बताया कि वह न्यायालय में शपथ पत्र और अन्य लिखित दस्तावेज पेश करने के लिए गये थे। इस दौरान प्रतिवादी पक्ष के अधिवक्ता राजेश ग्रेवाल ने उनके दस्तावेजों पर आपत्ति जताई, जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ ही देर में यह हाथापाई में बदल गया। न्यायालय परिसर में मौजूद अन्य अधिवक्ताओं और लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बेकाबू हो गई। दोनों पक्ष परिसर से बाहर निकले, लेकिन बाहर भी विवाद जारी रहा और मारपीट हो गयी। इस दौरान करतारसिंह कंग को चोटें आयीं, जिन्हें आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद मौके पर काफी हंगामा हुआ और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गये। बाद में दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने में एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित