श्रीगंगानगर , फरवरी 02 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में सूरतगढ़ मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 62 के किसान चौक के निकट नगर विकास न्यास (यूआईटी) द्वारा 17 वर्ष पूर्व अधिगृहीत की गयी 68 बीघा भूमि पर प्रस्तावित नये बस अड्डे और ट्रांसपोर्टनगर का विकास अब तक नहीं होने से स्थानीय नागरिकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
ट्रांसपोर्टनगर बचाओ एवं मुख्य बस स्टैंड बनाओ संघर्ष समिति के नेतृत्व में सोमवार को एक शिष्टमंडल ने यूआईटी की अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर डॉ. मंजू से मुलाकात करके उन्हें इस मुद्दे पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में शिष्टमंडल ने जिला कलेक्टर को पूरे मामले की पृष्ठभूमि से अवगत कराया। ज्ञापन में बताया गया कि यह परियोजना वर्षों से यूआईटी के ठंडे बस्ते में पड़ी हुई है, जबकि शहर की बढ़ती आबादी और यातायात के दबाव को देखते हुए नये बस अड्डे की सख्त आवश्यकता है। मौजूदा केंद्रीय बस अड्डे को यथावत रखते हुए एक अतिरिक्त बस अड्डे का निर्माण किया जाना चाहिए, जो राज्य सरकार की पहले से ही स्वीकृत योजनाओं में शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित