श्रीगंगानगर , दिसम्बर 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर शहर के पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में पदमपुर मार्ग पर स्थित मालवा पैलेस और एक शराब ठेके के निकट सोमवार को अपराह्न 12 से अधिक युवकों ने खुलेआम उपद्रव मचाया।

इन हुड़दंगी युवकों ने चार मोटरसाइकिलों में जमकर तोड़फोड़ की, जबकि एक मोटरसाइकिल को पास की ए-माइनर नहर में फेंक दिया। अभय कमांड सेंटर से जानकारी मिलने पर पुलिस का चेतक दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक तोड़फोड़ करने वाले युवक फरार हो चुके थे। पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज से पता चला है कि युवक करीब 15 मिनट तक लगातार तांडव मचाते रहे।

घटना स्थल पर जमा हुई भीड़ में कई लोग मारपीट और तोड़फोड़ के वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते रहे, लेकिन डर के मारे किसी ने भी इन उपद्रवी युवकों को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई। पुलिस बाद में मौके पर पहुंची तो स्थानीय लोगों ने उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और मोबाइल में बने वीडियो भी दिखाए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है।

पुलिस मौके से क्षतिग्रस्त चार मोटरसाइकिलें और नहर में गिरी एक मोटरसाइकिल को बाहर निकालकर थाने लेकर गयी है। जांच में पाया गया कि चारों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार झगड़े के दौरान युवकों के पास लाठी-डंडे और बेसबॉल बैट जैसे हथियार थे। उन्होंने इनसे मोटरसाइकिलों की तोड़फोड़ की और कुछ युवकों के साथ मारपीट भी की, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। मारपीट करने वाले और मार खाने वाले दोनों पक्ष के युवक घटना के बाद मौके से फरार हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित