श्रीगंगानगर , मार्च 02 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के गाजर उत्पादक संघर्ष समिति और अन्य किसान संगठन के पदाधिकारियों ने गाजर मंडी में व्यापारियों पर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्ट्रेट पर सोमवार को प्रदर्शन किया।
किसानों ने कलेक्ट्रेट तक रोषपूर्ण जुलूस निकाला, जिसकी अगुवाई भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के अध्यक्ष संदीप सिंह कैराचक ने की। जुलूस में सैकड़ों किसान शामिल हुए। किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एक प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन देकर सारे मामले से अवगत करवाया और पीड़ित किसानों को राहत दिलाने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए संदीप सिंह ने बताया कि श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय के नजदीक पंजाब सीमा से सटे गांव साधुवाली-कालूवाला की गाजर मंडी में इस सीजन में किसानों ने अपनी फसल बेची। छह व्यापारियों ने किसानों से करीब सात करोड़ रुपये की गाजर खरीदी और उन्हें 10-15 दिन आगे की तारीख वाले चेक दे दिये, लेकिन जब किसानों ने ये चेक बैंक में जमा किये, तो वे कैश नहीं हो सके। व्यापारी अब किसानों को उनका बकाया भुगतान करने से इन्कार कर रहे हैं। संदीप सिंह ने कुछ व्यापारियों के नामों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनमें से एक व्यापारी सात मार्च को देश छोड़कर भागने की फिराक में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित