श्रीगंगानगर , दिसम्बर 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट के पास प्रदर्शन करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला जलाकर रोष जाहिर किया।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रमुख नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुये। भगत सिंह चौक स्थित कांग्रेस सांसद कुलदीप इंदौरा के सरकारी निवास पर इकट्ठे होकर कांग्रेसियों ने जिला कलेक्ट्रेट तक रोष जुलूस निकाला।
कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष एवं श्रीकरणपुर से विधायक रूपेंद्र सिंह रूबी, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं श्रीगंगानगर सीट से विधानसभा प्रत्याशी रहे अंकुर मगलानी, सूरतगढ़ से कांग्रेस विधायक डूंगरराम गैदर, पूर्व विधायक जगदीश प्रसाद जांगिड़, जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया, उप जिला प्रमुख सुदेश मोर, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष कमला बिश्नोई सहित अन्य पदाधिकारियों ने जिला कलेक्ट्रेट के ट्रेजरी वाले गेट पर पहुंचकर अपना विरोध तेज कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने श्री मोदी का पुतला आग के हवाले करके नारेबाजी की।
पूर्व जिला अध्यक्ष अंकुर मगलानी ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि न्यायालय द्वारा श्रीमती सोनिया गांधी,श्री राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दायर मामलों को पहले ही खारिज किया जा चुका है। इसके बावजूद केंद्र सरकार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और अन्य जांच एजेंसियों का राजनीतिक षड्यंत्र एवं दुर्भावना से दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब विपक्षी दलों को कमजोर करने और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश का हिस्सा है। श्री मगलानी ने कहा कि कांग्रेस इस तरह के दमनकारी कदमों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर संघर्ष जारी रखेगी और जनता को सच्चाई से अवगत कराएगी।
अन्य नेताओं ने भी अपने संबोधन में केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। विधायक रूपेंद्र सिंह रूबी ने कहा कि ईडी जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध के लिए किया जा रहा है, जो संवैधानिक मूल्यों का उल्लंघन है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित