श्रीगंगानगर , मार्च 26 -- राजस्थान में बार काउंसिल के करीब आठ वर्ष बाद हो रहे चुनाव में श्रीगंगानगर बार संघ से छह अधिवक्ताओं ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं।
इनमें श्री गंगानगर बार संघ के पांच पूर्व अध्यक्ष शामिल हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 28 मार्च तक है और उम्मीद है कि एक-दो और अधिवक्ता भी नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
जयपुर में चल रही नामांकन प्रक्रिया के दौरान गुरुवार को श्रीगंगानगर बार संघ के पूर्व अध्यक्ष मोहनलाल माहर ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले पूर्व बार अध्यक्ष चरणदास कंबोज, इंद्रजीत बिश्नोई, सीताराम बिश्नोई और विजयपाल चावला नामांकन पत्र जमा कर चुके हैं। इसके अलावा बार संघ के सदस्य अधिवक्ता प्रहलादराय रेवाड़ ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया है।
श्रीगंगानगर जिले से सूरतगढ़ की महिला अधिवक्ता पूनम शर्मा भी इस चुनाव में नामांकन दाखिल करने वालों में शामिल हैं।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 28 मार्च तक नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। 29 और 30 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। एक और दो अप्रैल को नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। दो अप्रैल की शाम पांच बजे अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। मतदान 22 अप्रैल को होगा और पूरे राजस्थान में पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे।
बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के 25 सदस्यों के चुनाव में इस मर्तबा महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। सात पद महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित किए गए हैं, जिनमें से पांच महिला सदस्य मतदान के जरिए चुनी जाएंगी जबकि दो सदस्य बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा मनोनीत किए जाएंगे।
यह चुनाव आठ वर्ष बाद हो रहा है और नए नियमों और महिला आरक्षण के कारण अधिवक्ताओं के बीच काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित