श्रीगंगानगर , जनवरी 16 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती शहर नयी मंडी घड़साना में गोलीबारी की घटना के आरोपी कुख्यात अपराधी राजदीप उर्फ राजविंदरसिंह बराड़ को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि घटना के बाद भागने के प्रयास में राजदीप घायल हो गया और फिलहाल वह पुलिस की सख्त निगरानी में श्रीगंगानगर जिला अस्पताल में उपचाराधीन है। उसके दो साथियों प्रदीप बराड़ और रमन बराड़ की तलाश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि गुरुवार को दो पक्षाें में हुए झगड़े में राजदीप ने गोली चलाई थी, हालांकि इससे कोई घायल नहीं हुआ। उसके खिलाफ पहले से ही नौ संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें गंभीर अपराध शामिल हैं। उसका संपर्क कुख्यात बदमाश सरगना लॉरेंस बिश्नोई से भी रहा है, जिसके कारण उसे पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित