श्रीगंगानगर, फरवरी 18 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिला क्रिकेट संघ की वार्षिक साधारण सभा की बैठक में पांच वर्षीय नयी कार्यकारिणी निर्विरोध चुनी गयी।

जिला क्रिकेट संघ के सूत्रों ने बुधवार काे बताया कि मुख्य चुनाव अधिकारी की उपस्थिति में सभी पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किये गये। नामांकन पत्रों की गहन जांच के उपरांत किसी भी अन्य उम्मीदवार के न होने के कारण निर्वाचन की औपचारिक घोषणा कर दी गयी।

सूत्रों ने बताया कि नयी कार्यकारिणी में मुकेश शाह अध्यक्ष, जितेंद्र कूकना वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रदीप पाठक और गुलविंदर सिंह उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। विनोद सहारण को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गयी। भाजपा विधायक जयदीप बिहानी कोषाध्यक्ष बनाए गए। कुलदीपसिंह और प्रेम अरोड़ा संयुक्त सचिव चुने गए। अनिल कुमार गोदारा तकनीकी सलाहकार और शीशपाल सिंह, सुरेंद्र गोदारा और दयाशंकर दौवण कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुए।

सूत्रों ने बताया कि इस निर्वाचन प्रक्रिया में राजस्थान क्रिकेट संघ जयपुर की ओर से पर्यवेक्षक सतीश व्यास, जिला ओलंपिक संघ श्रीगंगानगर के पर्यवेक्षक राजाराम ढाका और सहायक चुनाव अधिकारी हंसराज वर्मा उपस्थित रहे। साधारण सभा के सभी सदस्य भी बैठक में मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित