गंगानगर , मार्च 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में जिला अदालत को डाक द्वारा प्राप्त एक संदिग्ध पत्र में बुधवार को अदालत परिसर पर आतंकी हमले की आशंका जताई गई है।

इस गंभीर सूचना के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। पत्र में कहा गया है कि 25 मार्च को जिला न्यायालय परिसर में आतंकी हमला हो सकता है।

पुलिस ने इस पत्र को बेहद गंभीरता से लिया है। संभाग मुख्यालय बीकानेर से बम निरोध दस्ता आज देर शाम श्रीगंगानगर पहुंच गया है। दल अदालत परिसर की गहन तलाशी लेगा।

पुलिस ने अदालत परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। कल सुबह से पूरे परिसर को पूरी तरह से घेर लिया जाएगा। परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की जाएगी। बड़ी संख्या में पुलिस बल, कमांडो और क्यूआरटी के दल तैनात रहेंगे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शाम को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पत्र कुछ दिन पहले डाक से प्राप्त हुआ था। इसे शुरू में गोपनीय रखा गया था। पुलिस और सीआईडी के अधिकारी इस बात का पता लगा रहे हैं कि पत्र किस स्थान से भेजा गया था। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पत्र किस शहर से आया लेकिन हमले की तारीख करीब आते ही दोपहर बाद यह जानकारी बार संघ के पदाधिकारियों से साझा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित