श्रीगंगानगर , दिसम्बर 30 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर की ईशान शर्मा ने एक बार फिर से छत्तीसगढ़ के राजनाथगांव में 24 से 30 दिसंबर तक आयोजित नौवीं नेशनल वूशु फेडरेशन कप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 75 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया है।
राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए ईशान ने इस उपलब्धि के साथ न केवल अपने जिले का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे भारत में श्रीगंगानगर का परचम लहराया। श्रीगंगानगर में एक निजी स्कूल की इस प्रतिभाशाली छात्रा ने अपनी मेहनत और लगन से यह मकाम हासिल किया। यह प्रतियोगिता भारतीय वूशु संघ द्वारा आयोजित की गयी थी।
ईशान ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने वूशु कोच मंजीत कुमार, विद्यालय स्टाफ और अपने माता-पिता को दिया है। इससे पहले, ईशान ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 2024 में जम्मू में आयोजित स्कूल नेशनल गेम्स में 70 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य एवं 24वीं वूशु जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 में 75 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित