श्रावस्ती , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश में श्रावस्ती जिले में इकौना थाना क्षेत्र के टडवा जगरावल गढ़ी गांव में रविवार को राप्ती नदी में नहाने के दौरान डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गांव निवासी सूरज कुमार यादव (12) पुत्र घनश्याम यादव और अनिल कुमार यादव (14) पुत्र राजेश कुमार यादव दोपहर करीब दो बजे गांव के पास राप्ती नदी में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान सूरज कुमार यादव को नदी से बाहर निकाला गया, जिसकी सांसें चल रही थीं। उसे तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

वहीं, दूसरे बालक अनिल कुमार यादव की तलाश के लिए ग्रामीणों और अग्निशमन दल की मदद से काफी देर तक सर्च अभियान चलाया गया, जिसके बाद उसका शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। थाना प्रभारी इकौना परमानंद तिवारी ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित