नयी दिल्ली, फरवरी 08 -- मेजबान श्याम लाल कॉलेज और इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस 12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट में पुरुष वर्ग के फाइनल में भिड़ेंगे।
महिला वर्ग के फाइनल में इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ़ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस और दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना के बीच खिताबी मुकाबला होगा।
पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में गत चैंपियन श्याम लाल कॉलेज ने एसएलसी 'बी' टीम को 4-1 से हराया। विजेता टीम के मनीष को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला। श्याम लाल कॉलेज के लिए पंकज ने दो, नवीन बिधूड़ी और हर्ष शर्मा ने एक-एक गोल किया। एसएलसी 'बी' टीम का एकमात्र गोल दीपक ने किया।
दूसरे सेमीफाइनल में इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ़ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस ने श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज को सडन डेथ तक खिंचे मुकाबले में 8-7 से मात दी। निर्धारित समय में स्कोर 2-2 था। विजेता टीम के ध्रुव को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला। इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट के लिए ध्रुव ने 6 और पुलकित ने दो गोल किए। खालसा कॉलेज के लिए तनुज और विपिन ने दो-दो, दानिश, प्रियांश व मनीष ने एक एक गोल किया।
महिला वर्ग के पहले सेमीफाइनल में इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ़ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस ने विवेकानंद कॉलेज को 5-0 से मात दी। कल्याणी ने तीन, सोमवती और शीतल ने एक-एक गोल किया। विजेता टीम की कल्याणी को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला।
दूसरे सेमीफाइनल में गत चैंपियन दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना ने जानकी देवी कॉलेज को 5-0 से शिकस्त दी। विजेता टीम की मनिता को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला। नीलम ने दो, विधि, सोनिका यादव और सोनू शर्मा ने एक-एक गोल किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित