इटावा , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के कोतवाली क्षेत्र के गाड़ीपुरा मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से लगी आग में तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए और लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। एक मकान में रखी युवती की शादी का दहेज सामग्री भी आग की भेंट चढ़ गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार करीब 12 बजे अंसार दिलशाद के घर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। घनी आबादी होने के कारण आग तेजी से फैलते हुए मुस्तकीम और अली दराज के मकानों तक पहुंच गई। बताया गया है कि दिलशाद की बहन की शादी आगामी मार्च माह में प्रस्तावित थी और घर में दहेज का सामान रखा हुआ था, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आग की लपटें उठते देख मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन नीचे लटक रही विद्युत लाइन के कारण कठिनाई हुई।

सूचना पर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विद्युत आपूर्ति बंद कराए जाने के बाद कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। क्षेत्राधिकारी नगर अभय नारायण राय ने बताया कि आग से तीन मकान प्रभावित हुए हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित