चंडीगढ़ , जनवरी 12 -- पंजाब सरकार ने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी शैक्षणिक दस्तावेज़ों की ऑनलाइन सत्यापन और प्रमाणीकरण के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म "ई-सनद" लॉन्च किया है। इसके साथ ही पंजाब यह डिजिटल सेवा शुरू करने वाला देश का दूसरा राज्य बन गया है।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोमवार को बताया कि पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की "ई-सनद" सेवा की शुरुआत के साथ बोर्ड के वर्तमान और पूर्व विद्यार्थी विस्तृत अंक-सूची (डीएमसी) और प्रमाणपत्रों का ऑनलाइन सत्यापन अब मात्र कुछ ही दिनों में करवा सकेंगे, जबकि पहले इसमें 40-45 दिन लगते थे। सरकार के अनुसार, इस कदम से पंजाब स्कूल बोर्ड से हर वर्ष पास होने वाले हज़ारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा तथा बोर्ड द्वारा जारी प्रमाणपत्रों की विश्वसनीयता बढ़ेगी। साथ ही उच्च शिक्षा, रोज़गार और विदेश जाने के लिए तेज़ी से सत्यापन सुनिश्चित हो सकेगा।
श्री बैंस ने बताया कि "ई-सनद" के अंतर्गत बोर्ड अपने रिकॉर्ड के अनुसार दस्तावेज़ों का डिजिटल रूप से सत्यापन करता है और उन्हें विदेश मंत्रालय (एमईए) के माध्यम से प्रमाणित किया जाता है। यह सेवा हेग कन्वेंशन देशों (अपोस्टिल) तथा गैर-हेग देशों (एमईए के साथ-साथ दूतावास सत्यापन, यदि आवश्यक हो) को कवर करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित