नोएडा , मार्च 07 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 36 स्थित साइबर अपराध थाना पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और साक्ष्य संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रामपुर से दबोचा। आरोपियों के बैंक खातों में करीब सात लाख चौदह हजार रुपये की धनराशि भी पाई गई है।

शनिवार को पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों ने लोगों को शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच देते थे। इसके लिए वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों से संपर्क करते थे और भरोसा जीतने के बाद उनसे अलग-अलग तरीकों से पैसे अपने या अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रईस (42 वर्ष) पुत्र वहीद निवासी रामपुर तथा जितेन्द्र कुमार (35 वर्ष) पुत्र रुपचन्द निवासी उद्यम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी को अंजाम देने में किया जाता था।

जांच में यह भी सामने आया है कि रईस साइबर ठगी से प्राप्त रकम अपने बैंक खाते में मंगवाने का काम करता था, जबकि जितेन्द्र कुमार अन्य लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनमें ठगी की रकम मंगाने की व्यवस्था करता था, ताकि रकम का पता लगाना मुश्किल हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित