मुंबई , मार्च 23 -- घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को रही भारी गिरावट के कारण निवेशकों को एक दिन में 14.23 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान उठाना पड़ा।

बीएसई से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज कुल बाजार पूंजीकरण 14,23,396 करोड़ रुपये घटकर 4,14,52,902 करोड़ रुपये रह गया जो पिछले साल 15 अप्रैल के बाद का निचला स्तर है।

पिछले कारोबारी दिवस पर 20 मार्च को कुल बाजार पूंजीकरण 4,28,76,298 करोड़ रुपये रहा था।

शेयर बाजारों में आज प्रमुख सूचकांक निफ्टी-50 और सेंसेक्स ढाई प्रतिशत के करीब टूट गये। सेंसेक्स 21 महीने और निफ्टी-50 ग्यारह महीने से ज्यादा के निचले स्तर पर बंद हुआ। खास बात यह रही कि बिकवाली का दबाव चौतरफा रहा जिससे 10 प्रतिशत कंपनियां ही गिरावट से अछूती रहीं।

शेयर बाजार में शीर्ष 10 कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1,78,499 करोड़ रुपये घटकर 87,29,171 करोड़ रुपये रहा गया।

पश्चिम एशिया संकट के कारण गत 27 फरवरी के बाद से कुल बाजार पूंजीकरण 48,72,298 करोड़ रुपये घट चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित