मुंबई , मार्च 16 -- पिछले कुछ दिनों से जारी गिरावट के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में तेजी रही।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 148.13 अंक टूटकर 74,415.79 अंक पर खुला लेकिन कुछ ही देर में हरे निशान में पहुंच गया। बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। सेंसेक्स एक समय 179 अंक नीचे था तो बाद में 420 अंक की बढ़त तक भी पहुंचा। खबर लिखे जाते समय यह 59.48 अंक (0.08 प्रतिशत) ऊपर 74,623.40 अंक पर था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक भी 35 अंक गिरकर 23,116.10 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 26.40 अंक नीचे यानी 0.11 प्रतिशत चढ़कर 23,177.50 अंक पर रहा। छोटी कंपनियों में अभी गिरावट है।

डॉलर की तुलना में रुपये में जारी नरमी का दबाव शेयर बाजार पर देखा जा रहा है। फिलहाल रुपया 14 पैसे टूटकर 92.44 रुपये प्रति डॉलर पर है।

धातु, ऑटो, एफएमसीजी, बैंकिंग और वित्त समूहों के सूचकांक ऊपर हैं जबकि आईटी, रियलटी, तेल एवं गैस, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों में गिरावट है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित