मुंबई , जनवरी 22 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड पर रुख नरम करने के बाद घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को तेजी लौट आई।

सप्ताह के पहले तीन दिन भारी गिरावट देखने के बाद बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 397.74 अंक (0.49 प्रतिशत) चढ़कर 82,307.37 अंक पर बंद हुआ। इसमें आज 909 अंकों का बड़ा उतार-चढ़ाव देखा गया।

सेंसेक्स ऊपर 82,783.18 अंक और नीचे 81,874.39 अंक तक गया। सुबह के समय यह 874 अंक चढ़ गया था तो वहीं दोपहर बाद लाल निशान में भी गया। श्री ट्रंप ने ग्रीनलैंड के मुद्दे पर यूरोपीय देशों पर अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने का फैसला वापस ले लिया है। साथ ही, कहा है कि अमेरिका ग्रीनलैंड को हासिल करने के लिए बल प्रयोग नहीं करेगा। इससे शेयर बाजार में निवेश धारणा मजबूत रही।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 132.40 अंक यानी 0.53 प्रतिशत चढ़कर 25,289.90 अंक पर पहुंच गया।

मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 1.33 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 0.76 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गयी।

टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रियलटी को छोड़कर अन्य सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में रहे। सार्वजनिक बैंकों का सूचकांक 2.34 प्रतिशत मजबूत हुआ। रसायन, स्वास्थ्य, फार्मा, धातु, मीडिया और एफएमसीजी सेक्टरों के सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहे।

सेंसेक्स में बीईएल का शेयर सबसे ज्यादा पौने चार प्रतिशत चढ़ा। टाटा स्टील और अडानी पोर्ट्स के शेयर ढाई फीसदी से अधिक मजबूत हुए। भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स, पावरग्रिड, सनफार्मा, इंडिगो, एनटीपीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, ट्रेंट और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर एक से दो प्रतिशत की बढ़त में रहे। हिंदुस्तान यूनीलिवर, टीसीएस, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, इंफोसिस, एक्सिस बैंक और भारती एयरटेल के शेयर भी हरे निशान में रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित