मुंबई , अप्रैल 15 -- अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फिर शुरू होने की उम्मीद में घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी लौट आयी और बीएसई का सेंसेक्स 1,263.67 अंक (1.64 प्रतिशत) चढ़कर 78,111.24 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 388.65 अंक यानी 1.63 प्रतिशत की बढ़त में 24,231.30 अंक पर पहुंच गया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ पाकिस्तान में शांति वार्ता दो दिन में फिर शुरू हो सकती है। इससे निवेशकों में उत्साह देखा गया।
उत्साहित निवेशकों की लिवाली से सभी सूचकांकों और सभी सेक्टरों में तेजी रही। मझौली कंपनियों का निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.29 प्रतिशत और छोटी कंपनियों का निफ्टी स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.35 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, आईटी, रियलटी, तेल एवं गैस, रसायन और मीडिया समूहों के सूचकांक दो से तीन प्रतिशत के बीच चढ़े। ऑटो, वित्त, एफएमसीजी, धातु, फार्मा, बैंकिंग और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत तक मजबूत हुए।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर साढ़े चार प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहा। इटरनल और पावरग्रिड में भी चार प्रतिशत से अधिक तेजी रही। अडानी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, टीसीएस, एलएंडटी और एशियन पेंट्स के शेयर तीन से चार प्रतिशत तक ऊपर रहे।
ट्रेंट, सनफार्मा, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफोसिस और बजाज फिनसर्व के शेयर दो से तीन प्रतिशत मजबूत बंद हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित