मुंबई , मार्च 05 -- विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को तेजी लौट आयी और प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में बंद हुए।
बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 899.71 अंक (1.14 प्रतिशत) उछलकर 80,015.90 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 285.40 अंक यानी 1.17 फीसदी चढ़कर 24,765.90 अंक पर पहुंच गया। इससे पहले, पिछले तीन कारोबारी दिवसों में बाजार में बड़ी गिरावट रही थी।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में धन प्रबंधन के अनुसंधान प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने बताया कि प्रमुख व्यापारिक मार्ग हर्मुज दर्रे से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों को सुरक्षा और बीमा की अमेरिका की गारंटी से बाजार में निवेश धारणा मजबूत हुई है। अमेरिका ने कहा है कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को निर्बाध रखने के लिए ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच हर्मुज दर्रे से होकर गुजरने वाले तेल के टैंकरों को उसकी सेना एस्कॉर्ट भी कर सकती है। साथ ही इन खबरों से भी बाजार को समर्थन मिला कि ईरान युद्ध समाप्त करने के विकल्प तलाश रहा है।
मझौली और छोटी कंपनियों में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.50 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.58 प्रतिशत चढ़ गया।
आईटी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में तेजी रही। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस, ऑटो, धातु, मीडिया, फार्मा, बैंकिंग, रियलटी, एफएमसीजी और रसायन सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में रहे।
एनएसई में कुल 3,335 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,210 के शेयर ऊपर और 1,038 के गिरावट में बंद हुए। अन्य 87 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की कंपनियों में अडानी पोर्ट्स का शेयर 4.51 प्रतिशत की बढ़त में रहा। एलएंडटी का शेयर 3.88 प्रतिशत, एनटीपीसी का 3.36, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 3.29, बीईएल का 2.98, पावरग्रिड का 2.66, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.56, इंडिगो का 2.55 और टाटा स्टील का 2.01 प्रतिशत चढ़ा। सनफार्मा में 1.92 फीसदी, मारुति सुजुकी में 1.86, बजाज फाइनेंस में 1.83, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.62, टाइटन में 1.57, बजाज फिनसर्व में 1.24, एचडीएफसी बैंक में 1.11, कोटक महिंद्रा बैंक में 1.08 और ट्रेंट में 0.91 प्रतिशत की तेजी रही।
टेक महिंद्रा का शेयर 1.25 प्रतिशत टूटा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, हिंदुस्तान यूनीलिवर और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी गिरावट में रहे।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.90 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.64 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.28 प्रतिशत चढ़ा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.05 प्रतिशत नीचे था जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई में 0.02 प्रतिशत की तेजी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित