मुंबई , फरवरी 02 -- बजट के दिन रही भारी गिरावट के बाद सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी लौट आयी और प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स 943.52 अंक (1.17 प्रतिशत) चढ़कर 81,666.46 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 262.95 अंक यानी 1.06 फीसदी की तेजी के साथ 25,088.40 अंक पर बंद हुआ। बजट के दिन रविवार को विशेष सत्र में दोनों सूचकांक करीब दो प्रतिशत लुढ़क गये थे।
शेयर बाजारों की शुरुआत आज गिरावट के साथ हुई, लेकिन बाद में अच्छी लिवाली देखी गयी। रुपये में तेजी से बाजार में निवेश धारणा को समर्थन मिला। रुपया फिलहाल 41.50 पैसे की वृद्धि के साथ 91.52 रुपये प्रति डॉलर पर है।
मझौली और छोटी कंपनियों में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.22 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.64 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
वाहनों की बिक्री के मजबूत आंकड़े आने से सेक्टर में तेजी रही। तेल एवं गैस, धातु, एफएमसीजी, रियलटी, रसायन, बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों के समूहों में भी लिवाली हावी रही। आईटी और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक टूट गये।
सेंसेक्स की कंपनियों में पावरग्रिड का शेयर साढ़े सात प्रतिशत से अधिक मजबूत हुआ। अडानी पोर्ट्स में पौने चार प्रतिशत और बीईएल तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज में सवा तीन प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलएंडटी, इंडिगो और अल्ट्राटेक सीमेंट में दो से तीन प्रतिशत तक की बढ़त देखी गयी।
एशियन पेंट्स, आईटीसी, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, एनटीपीसी, इटरनल, मारुति सुजुकी, आईसीआईसीआई बैंक, सनफार्मा और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर एक से दो प्रतिशत तक मजबूत हुए। भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित