मुंबई , दिसंबर 16 -- घरेलू शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 533.50 अंक (0.63 प्रतिशत) लुढ़ककर 84,679.86 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 167.20 अंक यानी 0.64 प्रतिशत गिरकर 25,860.10 अंक पर आ गया। यह दोनों सूचकांकों का 10 दिसंबर के बाद का निचला स्तर है।

चौतरफा बिकवाली के बीच सुबह से ही बाजार पर बिकवाली का दबाव रहा। सेंसेक्स एक समय करीब 597 अंक लुढ़क गया था।

मझौली और छोटी कंपनियों पर भी दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.86 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.92 प्रतिशत की गिरावट में रहा।

टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और मीडिया को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों पर बिकवाली हावी रही। रियलिटी, बैंकिंग, वित्त, आईटी और धातु समूहों से सूचकांक ज्यादा टूटे।

सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक में पांच प्रतिशत की गिरावट रही। इटरनल का शेयर साढ़े चार प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फाइनेंस के शेयर एक से दो प्रतिशत तक टूट गये।

अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफोसिस, एनटीपीसी, सनफार्मा, टीसीएस, एलएंडटी, हिंदुस्तान यूनीलिवर, पावरग्रिड, बीईएल और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी लाल निशान में रहे।

टाइटन में करीब डेढ़ प्रतिशत की तेजी रही। भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एशियन पेंट्स के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित