मुंबई , जनवरी 21 -- घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को बड़े उतार-चढ़ाव के बाद प्रमुख सूचकांक लगातार तीसरे दिन गिरावट में बंद हुए।

घरेलू स्तर पर रुपये पर जारी दबाव का असर भी देखा जा रहा है। रुपया फिलहाल मंगलवार के मुकाबले 64 पैसे नीचे 91.61 रुपये प्रति डॉलर पर है। आज का इसका निचला स्तर 91,7475 रुपये प्रति डॉलर है जो अपने-आप में नया रिकॉर्ड है। ग्रीनलैंड मुद्दे पर बनी वैश्विक अनिश्चितता से भी निवेश धारणा कमजोर हुई है।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सुबह 386 अंक नीचे खुला। यह दोपहर से पहले 81,124.45 अंक तक उतरने के बाद दोपहर बाद 82,407.05 अंक तक चढ़ा। इस प्रकार सूचकांक ने एक ही दिन में 1,282 अंक का उतार-चढ़ाव देखा।

अंत में सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 270.84 अंक (0.33 प्रतिशत) नीचे 81,909.63 अंक पर बंद हुआ जो 08 अक्टूबर 2025 के बाद का निचला स्तर है। इससे पहले, मंगलवार को सेंसेक्स 1,066 अंक गिरा था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक एक समय 312 अंक तक टूटने के बाद अंत में 75 अंक यानी 0.30 प्रतिशत नीचे 25,157.50 अंक पर बंद हुआ। यह सूचकांक का 14 अक्टूबर 2025 के बाद का निचला स्तर है।

मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.10 अंक और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.90 अंक लुढ़क गया।

धातु (0.57 प्रतिशत) और तेल एवं गैस (0.27 प्रतिशत) समूहों के सूचकांकों में तेजी रही जबकि अन्य सभी सेक्टरों के सूचकांक लुढ़क गये। टिकाऊ उत्पाद, सार्वजनिक बैंकों, वित्तीय सेवाओं, रसायन और रियलटी सेक्टरों में ज्यादा गिरावट रही।

एनएसई में कुल 3,299 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 2,139 कंपनियों के शेयर गिरावट में और 1,078 के हरे निशान में बंद हुए। अन्य 82 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 1.96 प्रतिशत टूटा। ट्रेंट में 1.78 फीसदी, बीईएल में 1.59, एचडीएफसी बैंक में 1.18 और एलएंडटी में प्रतिशत की गिरावट रही। भारतीय स्टेट बैंक, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, आईटीसी, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी लाल निशान में रहे। इटरनल का शेयर सबसे अधिक 4.98 प्रतिशत चढ़ा। अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.57 प्रतिशत और इंडिगो में 1.37 प्रतिशत की तेजी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज, अडानी पोर्ट्स, पावरग्रिड, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, टीसीएस और भारती एयरटेल के शेयरों में भी तेजी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित