मुंबई , अप्रैल 24 -- आईटी सेक्टर के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को बिकवाली देखी गयी और प्रमुख सूचकांक एक फीसदी से ज्यादा टूट गये।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 999.79 अंक (1.29 प्रतिशत) की गिरावट में 76,664.21 अंक पर बंद हुआ जो 09 अप्रैल के बाद का निचला स्तर है। यह सुबह 180 अंक नीचे खुला था और एक समय 1,260 अंक गिर गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 275.10 अंक यानी 1.14 प्रतिशत नीचे 23,897.95 अंक पर बंद हुआ। यह 13 अप्रैल के बाद का इसका निचला स्तर है।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 25 के शेयर लाल निशान में बंद हुए। सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाली चारों कंपनियां आईटी सेक्टर से हैं। इंफोसिस का शेयर 7.09 प्रतिशत लुढ़क गया। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 5.79 फीसदी, टीसीएस में 4.97 फीसदी और टेक महिंद्रा में 4.25 फीसदी गिरावट रही।

आईटी कंपनियों में गिरावट की मुख्य वजह निकट भविष्य के परिदृश्य को लेकर है। इंफोसिस के वित्तीय परिणामों में बताया गया है कि मौजूदा वित्त वर्ष में उसकी राजस्व वृद्धि दर बेहद धीमी रह सकती है। हालांकि पिछली तिमाही का उसका प्रदर्शन अच्छा रहा है।

वृहत बाजार में भी बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.15 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.87 प्रतिशत टूट गया।

आईटी सेक्टर का सूचकांक 5.29 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। मीडिया, फार्मा, रियलटी और स्वास्थ्य सेक्टरों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत तक फिसल गये। बैंकिंग, वित्त, एफएमसीजी, तेल एवं गैस और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों पर भी काफी दबाव रहा।

एनएसई में जिन 3,395 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 2,428 के शेयर लाल निशान में और 863 के हरे निशान में बंद हुए। अन्य 104 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स में आईटी कंपनियों के अलावा सनफार्मा का शेयर 3.57 फीसदी गिर गया। आईसीआईसीआई बैंक में 1.59 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.55, एशियन पेंट्स में 1.51, भारती एयरटेल में 1.41, आईटीसी में 1.24, इटरनल में 1.21, बजाज फिनसर्व में 1.20, बीईएल में 1.19, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.15, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.13, अडानी पोर्ट्स तथा टाइटन दोनों में 1.12, और एलएंडटी में 0.99 प्रतिशत की गिरावट रही। पावरग्रिड, मारुति सुजुकी, इंडिगो और टाटा स्टील के शेयर भी नीचे रहे।

ट्रेंट का शेयर 1.24 प्रतिशत चढ़ गया। भारतीय स्टेट बैंक और बजाज फाइनेंस में भी तेजी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित