मुंबई , मार्च 11 -- अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को बड़ी गिरावट देखी गयी और प्रमुख सूचकांक करीब 11 महीने के निचले स्तर पर बंद हुए।
बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,342.27 अंक (1.72 प्रतिशत) लुढ़ककर 76,863.71 अंक पर आ गया। यह 15 अप्रैल 2025 के बाद का निचला स्तर है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 394.75 अंक यानी 1.63 प्रतिशत टूटकर 17 अप्रैल के बाद के निचले स्तर 23,866.85 अंक पर बंद हुआ।
गत 26 फरवरी के बाद आठ कारोबारी दिवस में शेयर बाजार में यह छठी बड़ी गिरावट है। इन आठ दिनों में सेंसेक्स कुल 5,384.90 अंक (6.55 प्रतिशत) और निफ्टी-50 सूचकांक 1,629.70 अंक (6.39 प्रतिशत) उतर चुका है।
मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांक भी लाल निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.66 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.36 प्रतिशत गिर गया।
बैंकिंग, वित्त, ऑटो, रियलटी, रसायन, आईटी और एफएमसीजी सेक्टरों पर ज्यादा दबाव रहा। फार्मा, स्वास्थ्य और तेल एवं गैस सेक्टरों में तेजी रही।
एनएसई में 3,296 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,336 के शेयर बढ़त में और 1,867 के गिरावट में बंद हुए। अन्य 93 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस में सबसे अधिक 5.01 प्रतिशत की गिरावट रही। एक्सिस बैंक का शेयर 4.26 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व का 3.95, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 3.81, मारुति सुजुकी का 2.65, भारती एयरटेल का 2.44, ट्रेंट का 2.39, कोटक महिंद्रा बैंक का 2.17, एशियन पेंट्स का 2.15 और बीईएल का शेयर 2.02 प्रतिशत टूट गया।
भारतीय स्टेट बैंक में 1.96 प्रतिशत, टीसीएस में 1.92 प्रतिशत, टाइटन में 1.88, एचडीएफसी बैंक में 1.78, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.67, इंफोसिस में 1.48, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.37, आईसीआईसीआई बैंक में 1.36, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.27 और इटरनल में 1.02 प्रतिशत की गिरावट रही। एलएंडटी, अडानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इंडिगो के शेयर भी लाल निशान में रहे।
एनटीपीसी और सनफार्मा के शेयर हरे निशान में रहे।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.43 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.25 प्रतिशत चढ़ा। हांगकांग का हैंगसेंग 0.24 प्रतिशत गिर गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.83 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.56 प्रतिशत नीचे था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित