मुंबई , दिसंबर 29 -- विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट रही और प्रमुख सूचकांक लगभग डेढ़ सप्ताह के निचले स्तर पर बंद हुए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 345.91 अंक (0.41 प्रतिशत) टूटकर 84,695.54 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स लगातार चौथे कारोबार दिवस पर लाल निशान में बंद हुआ है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 100.20 अंक यानी 0.38 प्रतिशत गिरकर 25,942.10 अंक पर आ गया। यह दोनों सूचकांकों का 18 दिसंबर के बाद का निचला स्तर है।

सुबह बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी, लेकिन खुलते ही दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में चले गए। हालांकि कुछ ही देर बाद वे एक बार फिर गिरावट में आ गये। मझौली और छोटी कंपनियों पर ज्यादा दबाव देखा गया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.50 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.72 प्रतिशत टूट गया। ऑटो, आईटी, रियलिटी, स्वास्थ्य और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में ज्यादा गिरावट रही। मीडिया, एफएमसीजी और सार्वजनिक बैंकों के सूचकांकों में तेजी दर्ज की गयी।

एनएसई में कुल 3,294 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,185 के शेयरों में गिरावट और 1,022 में बढ़त रही। अन्य 87 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 में से 23 कंपनियों के शेयर लाल निशान में और अन्य सात के हरे निशान में रहे। अडानी पोर्ट्स का शेयर 2.22 प्रतिशत टूट गया। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.86 फीसदी और पावरग्रिड में 1.85 फीसदी की गिरावट रही। ट्रेंट का शेयर 1.36 प्रतिशत, बीईएल का 1.26 और भारती एयरटेल का 1.14 प्रतिशत गिर गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टीसीएस, इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, आईटीसी और बजाज फिनसर्व के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।

टाटा स्टील का शेयर 1.83 फीसदी और एशियन पेंट्स का 1.05 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। इटरनल, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।

वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 0.71 फीसदी और जापान का निक्केई 0.44 प्रतिशत टूट गया। चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.04 प्रतिशत की तेजी रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.02 प्रतिशत नीचे था जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई में 0.07 फीसदी की बढ़त थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित