मुंबई , दिसंबर 18 -- घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को बड़ा उतार-चढ़ाव देखा गया और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 77.84 अंक (0.09 प्रतिशत) टूटकर 84,481.81 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी तीन अंक यानी 0.01 प्रतिशत उतरकर 25,815.55 अंक पर सपाट बंद हुआ।

बाजार में आज काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। सुबह गिरावट में खुलने का बाद सेंसेक्स नीचे 84,238.43 अंक और ऊपर 84,780.19 अंक तक गया। बुधवार को यह 84,559.65 अंक पर बंद हुआ था।

निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.50 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.13 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

मीडिया, ऑटो, रसायन, तेल एवं गैस और फार्मा समूहों के सूचकांकों में गिरावट रही जबकि आईटी, रियलिटी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक चढ़ गये।

सेंसेक्स की कंपनियों में सनफार्मा का शेयर पौने तीन फीसदी के करीब टूट गया। टाटा स्टील और पावरग्रिड में भी एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, भारती एयरटेल, एलएंडटी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।

टीसीएस का शेयर लगभग दो प्रतिशत मजबूत हुआ। टेक महिंद्रा और इंफोसिस में भी डेढ़ फीसदी से अधिक की तेजी रही। एक्सिस बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, अडानी पोर्ट्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर हरे निशान में रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित