मुंबई , जनवरी 12 -- घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को उतार-चढ़ाव के बीच दोपहर बाद हुई लिवाली से प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद हुए।

बीएसई के 30 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक सेंसेक्स में दिन के दौरान 1,101 अंक का उतार-चढ़ाव देखा गया। सुबह के कारोबार में यह नीचे 82,861.07 अंक तक उतर गया था, लेकिन दोपहर बाद हुई लिवाली से 83,962.33 अंक तक चढ़ने में कामयाब रहा। अंत में पिछले दिवस की तुलना में 301.93 अंक (0.36 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 83,878.17 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी शुरुआती गिरावट से उबरते हुए 106.95 अंक यानी 0.42 प्रतिशत ऊपर 25,790.25 अंक पर रहा। दोनों प्रमुख सूचकांक पिछले सप्ताह पांच दिन में करीब 2.5 प्रतिशत गिरे थे।

दिग्गज कंपनियों के विपरीत वृहत बाजार में गिरावट रही। मझौली कंपनियों का निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.06 प्रतिशत और छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.52 प्रतिशत टूट गया।

एनएसई में कुल 3,237 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,891 के शेयरों में गिरावट और 1,247 में तेजी रही। अन्य 99 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद स्थिर बंद हुए।

धातु, तेल एवं गैस, बैंकिंग, एफएमसीजी और वित्तीय कंपनियों में लिवाली का जोर रहा। वहीं, मीडिया, रियलिटी, ऑटो, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और आईटी समूहों में बिकवाली हावी रही।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 25 के शेयरों में तेजी और अन्य पांच में गिरावट रही। इंफोसिस का शेयर 1.16 प्रतिशत टूटा। बजाज फाइनेंस में भी 0.93 फीसदी की गिरावट रही।

टाटा स्टील का शेयर 2.75 प्रतिशत और एशियन पेंट्स का 2.54 प्रतिशत चढ़ा। ट्रेंट में 2.05 प्रतिशत और भारतीय स्टेट बैंक में 1.51 फीसदी की तेजी रही। हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर 1.36 फीसदी और अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.26 फीसदी चढ़ा।

टीसीएस, भारती एयरटेल, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, मारुति सुजुकी, एनटीपीसी, सनफार्मा, आईटीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा और इटरनल के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.61 फीसदी, हांगकांग का हैंगसेंग 1.44 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.09 फीसदी ऊपर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.40 प्रतिशत ऊपर और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.01 प्रतिशत नीचे था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित