मुंबई , मार्च 10 -- विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी लौट आयी।

बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 639.82 अंक (0.82 फीसदी) चढ़कर 78,205.98 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 233.55 अंक यानी 0.97 प्रतिशत ऊपर 24,261.60 अंक पर बंद हुआ।

गत 26 फरवरी के बाद छह कारोबारी दिवस में दोनों प्रमुख सूचकांक 5.7 प्रतिशत टूट गये थे। इस दौरान सिर्फ एक दिन बाजार में तेजी रही थी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान युद्ध जल्द समाप्त होने संबंधी बयान के बाद वैश्विक स्तर पर सभी शेयर बाजारों में तेजी देखी गयी। घरेलू शेयर बाजारों पर भी इसका असर दिखा।

मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा लिवाली रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.60 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.12 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

आईटी और तेल एवं गैस को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में तेजी रही। ऑटो, वित्त, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, बैंकिंग, रियलिटी, फार्मा, धातु, मीडिया और रसायन समूहों में लिवाली ज्यादा रही।

एनएसई में कुल 3,304 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,544 के शेयर हरे और 673 के लाल निशान में रहे। अन्य 87 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर 3.46 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। महिंद्रा एंड महिंद्रा में 3.30 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 2.73, मारुति सुजुकी में 2.71, एशियन पेंट्स में 2.70, अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.42, टाटा स्टील में 2.09 और एक्सिस बैंक में 2.07 प्रतिशत की तेजी रही।

बजाज फिनसर्व का शेयर 1.48 प्रतिशत, टाइटन का 1.47, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.41, बीईएल का 1.29, भारतीय स्टेट बैंक का 1.24, एचडीएफसी बैंक का 1.18 और पावरग्रिड का 1.08 प्रतिशत चढ़ गया। आईटीसी, एलएंडटी, ट्रेंट और सनफार्मा के शेयर भी ऊपर बंद हुए।

इटरनल में सबसे अधिक 1.50 प्रतिशत की गिरावट रही। इंफोसिस का शेयर 1.43 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.08 प्रतिशत टूट गया। भारती एयरटेल और टीसीएस के शेयर भी लाल निशान में रहे।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 2.88 फीसदी, हांगकांग का हैंग सेंग 2.17 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.65 फीसदी की मजबूती में बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में जर्मनी का डैक्स फिलहाल 2.32 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 1.56 प्रतिशत ऊपर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित