राजनांदगांव , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ के राजनांदगांव पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश और तंत्र-मंत्र के जरिए पैसे दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय आरोपी को इंदौर (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। आरोपी की धोखाधड़ी से तंग आकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामला शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। विगत 17 अक्टूबर 2025 को मृतक कोमल साहू ने मानसिक तनाव के चलते जहर सेवन कर लिया था, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मर्ग जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला। जब बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल डेटा खंगाला गया, तो एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ।

जांच में पता चला कि आरोपी मोहम्मद अजीज खान (57 वर्ष), निवासी इंदौर, ने कोमल साहू को शेयर मार्केट में भारी मुनाफे और 'तंत्र-मंत्र' (चटिया मटिया) के माध्यम से रकम दोगुनी करने का झांसा दिया था। इस झांसे में आकर मृतक ने लगभग 4 करोड़ रुपये आरोपी को दे दिए थे। जब रकम वापस नहीं मिली और कर्जदाताओं का दबाव बढ़ने लगा, तो कोमल साहू ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित