शेखपुरा , अप्रैल 18 -- बिहार में शेखपुरा जिले के सिरारी थाना क्षेत्र में थ्रेसर को हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि अकौना गांव में शुक्रवार की रात कुछ लोगथ्रेसर से गेहूं दौनी कर रहे थे। पुरवा हवा के झोंको के कारण दूसरे पक्ष के घर में भूसा का कण आने लगा। इसे लेकर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों को थ्रेसर हटाने को कहा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर गोलियां चलाई।
सूत्रों ने बताया कि इस घटना में एक पक्ष के परमेश्वर यादव उर्फ पूना यादव (65)की मौके पर ही मौत हो गयी।गोली लगने से दूसरे पक्ष का प्रेमराज उर्फ संतोष यादव (35)गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिये हायर सेंटर पटना रेफर कर दिया गया। देर रात प्रेमराज की इलाज के दौरान पटना में मौत हो गयी।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी , अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार ,अंचल निरीक्षक राजीव कुमार नेमौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है।इस मामले में दोनों पक्ष के पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।गांव में विधि व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित