शेखपुरा , मार्च 14 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा शेखपुरा जिले के सभी छह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा शेखपुरा सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज शेखपुरा जिले के पंचायत सरकार भवन परिसर, सर्वा में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शेखपुरा जिले में विकास के कई कार्य कराये गये हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार 20 साल से लगातार बिहार के विकास में लगी हुयी है। राजग सरकार ने वर्ष 2005 से ही शेखपुरा में विकास के सभी काम कराये हैं।

श्री कुमार ने कहा कि शेखपुरा बाईपास का निर्माण कराया गया है। इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। उन्होंने कहा कि महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। जीएनएम संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है। कर्पूरी छात्रावास एवं 2 आवासीय विद्यालयों का निर्माण कराया जा रहा है। शेखपुरा में सिंचाई सुविधाओं का विकास कराया गया है। नहरों का विस्तार एवं 19 पक्के चेकडैम का निर्माण कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 के दिसम्बर एवं 2025 के जनवरी-फरवरी माह में उन्होंने मैंने प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों में जाकर विकास कार्यों को देखा और जो कमी रही उसे पूरा करने के लिए शेखपुरा जिले की सात योजनाओं की स्वीकृति दी गयी जिन पर काम चल रहा है जिन्हें शीघ्र पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मटोखर दह को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। सामस विष्णु धाम मंदिर में सुविधाओं का विकास शुरू किया गया है। दो बाईपास क्रमशः मटोखर दह एवं हुसैनाबाद का निर्माण कराया जा रहा है।

श्री कुमार ने कहा कि शेखपुरा में प्रेक्षागृह का निर्माण किया जा रहा है। सकरी सिंचाई योजना की नहरों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। रमजानपुर तक सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शेखपुरा तथा चेवाड़ा प्रखंडों में प्रखंड/अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण किया जा रहा है। सात निश्चय-3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच शेखपुरा में अनेक काम कराये जायेंगे। रोजगार के लिए जिले की 95 हजार महिलाओं को 10 हजार रुपये के हिसाब से राशि दी जा चुकी है। उन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि शेखपुरा में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे। उन्होंने कहा कि डेयरी को बढ़ावा देने के लिए जिले के शेष 12 गांवों में दूध उत्पादन समितियों का गठन तथा सभी 50 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा। सभी छह प्रखण्डों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जायेगी। सभी छह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा शेखपुरा सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाया जायेगा। शेखपुरा जिले में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जायेगी। सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित