नयी दिल्ली , फरवरी 09 -- एशियन राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप 2026 में 25 मीटर महिला पिस्टल के रोमांचक फाइनल में भारत की मनु भाकर स्वर्ण पदक से बेहद करीब रहकर चूक गईं। डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में खेले गए इस फाइनल में वियतनाम की थुई त्रांग गुयेन ने दो शूट-ऑफ के बाद स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, ईशा सिंह ने इस चैंपियनशिप में अपना दूसरा व्यक्तिगत पदक जीतते हुए कांस्य हासिल किया।

जूनियर वर्ग में नाम्या कपूर ने एक और बेहद रोमांचक शूट-ऑफ में स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसी स्पर्धा में अंजलि भगवत ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 60 तक पहुंच गई है, जिसमें 37 स्वर्ण, 13 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं।

फाइनल में ईशा सिंह ने पहली सीरीज में परफेक्ट पांच शॉट लगाकर शानदार शुरुआत की, जबकि मनु भाकर और थुई त्रांग ने चार-चार शॉट लगाए। तीनों निशानेबाज़ों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और हर सीरीज के बाद पदक की स्थिति बदलती रही। भारतीय निशानेबाज़ लगातार वियतनामी खिलाड़ी पर दबाव बनाए हुए थे, लेकिन छठी सीरीज में गुयेन के परफेक्ट पांच शॉट्स ने उन्हें दो अंकों की बढ़त दिला दी। सातवीं सीरीज में गुयेन के एक शॉट लगाने का फायदा मनु और ईशा ने उठाते हुए अंतर कम कर दिया।

आठवीं सीरीज के बाद 30 अंकों के साथ बढ़त पर चल रहीं ईशा सिंह नौवीं सीरीज में सभी शॉट चूक गईं और अंततः उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। आखिरी सीरीज में मनु ने तीन जबकि गुयेन ने दो शॉट लगाए और दोनों 35 अंकों के साथ बराबरी पर रहीं, जिसके चलते मुकाबला शूट-ऑफ में गया।

पहले शूट-ऑफ में दोनों निशानेबाज़ों ने दो-दो शॉट लगाए। इसके बाद दूसरे शूट-ऑफ में मनु तीन शॉट चूक गईं और स्वर्ण पदक से चूकना पड़ा। फाइनल में तीसरी भारतीय खिलाड़ी रिदम सांगवान चौथे स्थान पर रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित