हैदराबाद , अप्रैल 17 -- शुभंकर शर्मा ने पांच अंडर 67 का स्कोर बनाकर हैदराबाद के बोल्डर हिल्स गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले गए 1 करोड़ रुपये इनामी राशि वाले पहले बोल्डर्स क्लासिक का खिताब अपने नाम किया। यह उनका सातवां डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई खिताब है।

चंडीगढ़ के 29 वर्षीय शुभंकर ने पूरे सप्ताह शानदार दबदबा बनाए रखते हुए कुल 25 अंडर 263 (66-66-64-67) का रिकॉर्ड स्कोर बनाया और दूसरे स्थान से आठ शॉट आगे रहते हुए एकतरफा जीत दर्ज की। उनका यह स्कोर डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई इतिहास में सबसे कम कुल स्कोर का नया रिकॉर्ड है।

इस जीत के साथ शर्मा ने 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की और यह दिसंबर 2017 में कोलकाता में मैक्लियोड रसेल टूर चैम्पियनशिप के बाद टूर पर उनकी पहली जीत रही। साथ ही, फरवरी 2018 में डीपी वर्ल्ड टूर और एशियन टूर के संयुक्त आयोजन मेबैंक चैम्पियनशिप में मिली जीत के बाद यह उनका आठ साल से अधिक समय में पहला अंतरराष्ट्रीय पेशेवर खिताब भी है।

शुभंकर का 25 अंडर का स्कोर पिछले रिकॉर्ड 24 अंडर 264 से बेहतर रहा, जो अनिर्बान लाहिड़ी (2010),राशिद खान (2019), अक्षय शर्मा (2020) और मनु गंडास (2022) के नाम था।

हैदराबाद के मोहम्मद अजहर (67-70-69-65), दिल्ली के राशिद खान (67-70-66-68) और चंडीगढ़ के अंगद चीमा (68-69-66-68) 17 अंडर 271 के स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर रहे, जो विजेता से आठ शॉट पीछे रहे। चंडीगढ़ के अजीतेश संधू (68-68-68-68), जो टूर के पांच बार के विजेता हैं, 16 अंडर 272 के साथ पांचवेंस्थान पर रहे। मनु गंडास (70-68-75-64) ने अंतिम राउंड में आठ अंडर 64 का शानदार स्कोर बनाकर कोर्स रिकॉर्ड कीबराबरी की और संयुक्त 30वें स्थान से 21 स्थान की छलांग लगाते हुए कुल 11 अंडर 277 के साथ संयुक्त नौवें स्थान पर पहुंचे।

इस सप्ताह कोर्स रिकॉर्ड कई बार टूटा और बराबरी पर पहुंचा। पहले राउंड में विशेष शर्मा ने 65 का स्कोर किया, दूसरे राउंड में हनी बैसोया ने 64 बनाया, तीसरे राउंड में शुभंकर ने इसकी बराबरी की और अंतिम दिन मनु गंडास ने फिर से 64 के साथ इस रिकॉर्ड की बराबरी की।

शुभंकर ने अंतिम राउंड की शुरुआत 20 अंडर पर सात शॉट की बढ़त के साथ की और छह बर्डी तथा एक बोगी के साथ पांच अंडर 67 का स्कोर बनाकर जीत सुनिश्चित की।

पिछले सप्ताह विशाखापत्तनम में विजेता रहे खालिन जोशी (73-69-69-67) कुल 10 अंडर 278 के साथ संयुक्त 12वें स्थान पर रहे। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट लीडर सप्तक तलवार (68-71-66-73) भी 10 अंडर 278 के साथ संयुक्त 12वें स्थान पर रहे। तलवार ने 1,71,700 रुपये की कमाई के साथ अपनी कुल कमाई 77,51,700 रुपये तक पहुंचाकर रैंकिंग में अपनी बढ़त और मजबूत की।

टूर्नामेंट के प्रमुख दावेदारों में शामिल युवराज संधू (73-68-73-67) सात अंडर 281 के साथ संयुक्त 18वें स्थान पर रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित