रायपुर , दिसंबर 23 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साहित्यकार एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित विनोद कुमार शुक्ल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर देर शाम शोक संदेश में श्री शुक्ल के निधन को साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा, "विनोद कुमार शुक्ल जी का निधन एक बड़ी क्षति है। 'नौकर की कमीज' और 'दीवार में एक खिड़की रहती थी' जैसी चर्चित कृतियों के माध्यम से उन्होंने साधारण जीवन को असाधारण गरिमा प्रदान की।" मुख्यमंत्री ने उन्हें छत्तीसगढ़ के गौरव के रूप में याद करते हुए कहा कि वे सदैव हम सबके हृदय में विद्यमान रहेंगे।

श्री साय ने कहा कि संवेदनाओं से परिपूर्ण उनकी रचनाएँ आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेंगी। उन्होंने दिवंगत साहित्यकार के परिजनों एवं पाठकों-प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित