हैदराबाद , मार्च 11 -- हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने बुधवार को तेलंगाना के नये राज्यपाल के रूप में शपथ ली। राजभवन (लोक भवन) में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।

तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव की ओर से विशेष मुख्य सचिव दाना किशोर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जारी नियुक्ति वारंट (वॉरंट ऑफ अपॉइंटमेंट) पढ़कर सुनाया।

श्री शुक्ल ने तेलुगु भाषा में पद की शपथ लेकर सभी को प्रभावित किया।

शपथ ग्रहण के उपरांत मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने नये राज्यपाल को बधाई दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष गद्दाम प्रसाद कुमार, विधान परिषद के अध्यक्ष गुट्टा सुखेंद्र रेड्डी, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक, पुलिस महानिदेशक शिवधर रेड्डी और विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

एक अप्रैल 1952 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रुद्रपुर में जन्मे श्री शुक्ल ने कानून में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। वह 1983 में औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हुए।

गोरखपुर शहर निर्वाचन क्षेत्र से 1989, 1991, 1993 और 1996 में लगातार चार बार विधानसभा चुनाव जीते और उत्तर प्रदेश में कल्याण सिंह, राम प्रकाश गुप्त और राजनाथ सिंह की सरकारों में कैबिनेट मंत्री रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित