पौड़ी,10फरवरी(वार्ता) उत्तराखंड में जन जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत पौड़ी के विकासखंड रिखणीखाल की न्याय पंचायत किल्बौखाल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 55 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 49 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। वहीं 138 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया।
शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने की। उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का समाधान मौके पर ही कराया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की इस पहल से आम जनमानस को एक ही स्थान पर विभागीय सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में प्रतिभाग कर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और योजनाओं का लाभ लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित