आगरा , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित आगरा किला में छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार शाम भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर देवेंद्र फडणवीस कार्यक्रम में शामिल होने आगरा पहुंचे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल, बिहार के राज्यपाल तथा महाराष्ट्र सरकार के संस्कृति मंत्री भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान किले परिसर में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं और शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित एक नाट्य मंचन किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और शिवाजी महाराज के शौर्य एवं पराक्रम को स्मरण किया गया।

इतिहासकारों के अनुसार मुगल सम्राट औरंगजेब ने शिवाजी महाराज को आगरा किले में नजरबंद किया था, जहां से उन्होंने अपनी सूझबूझ और साहस के बल पर निकलकर स्वतंत्रता का परिचय दिया। इसी ऐतिहासिक प्रसंग की स्मृति में आगरा किले में शिवाजी जयंती मनाई जाती है। बताया जाता है कि आगरा में चौथी बार शिवाजी महाराज की जयंती का आयोजन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित