शिवहर , मार्च 02 -- बिहार के शिवहर जिला अंतर्गत नगर थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन के समीप जंगली माता मंदिर के पास बने एक गड्ढे से पुलिस ने 30 वर्षीय युवक का शव बरामद किया है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को गड्ढे से निकालकर कब्जे में लिया।
इस संबंध में नगर थाना के थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल, शिवहर भेज दिया गया है। मृतक की पहचान नीरज कुमार द्विवेदी (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो संजय कुमार द्विवेदी का पुत्र था। वह शिवहर जिले के पुरनहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंतपट्टी गांव का रहने वाला बताया गया है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मृतक के नशे का आदी होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने घटना के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना से इलाके में चर्चा का माहौल है, वहीं पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित