शिवहर , फरवरी 05 -- बिहार के शिवहर जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने की प्राथमिकता के साथ आगामी 10 फरवरी से सर्वजन दवा सेवन ट्रिपल ड्रग थेरेपी कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।

इस महाअभियान के सफल क्रियान्वयन के लिये गुरुवार को जिला सिविल सर्जन सभागार में सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च और जिला स्वास्थ्य समिति के सहयोग से मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें अभियान की तैयारियों और इसकी महत्ता पर विस्तृत चर्चा की गई।

सिविल सर्जन डॉ. दीपक कुमार ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए बताया कि जिले के पांचों प्रखंडों में कुल छह लाख 54 हज़ार 73 लाभार्थियों को फाइलेरिया रोधी दवाएं खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।अभियान को गति देने के लिए 11 फरवरी को जिले भर में 'मेगा एम.डी.ए. कैंप' लगाया जाएगा, जहां स्वास्थ्यकर्मी बूथों पर अपनी मौजूदगी में लोगों को दवा का सेवन कराएंगे। इसके बाद प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों के 346 दल अगले 14 दिनों तक सघन घर-घर भ्रमण कर लोगों को दवा खिलाना सुनिश्चित करेंगे। पूरे अभियान की निगरानी के लिए 34 पर्यवेक्षकों के साथ-साथ प्रत्येक ब्लॉक में 'रैपिड रिस्पॉन्स टीम' को तैनात किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित