शिवहर , फरवरी 06 -- बिहार के शिवहर जिला में शुक्रवार को उद्योग विभाग की योजनाओं की समीक्षा और ऋण वितरण शिविर में जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में 70 के लक्ष्य के मुकाबले केवल 45 ऋण स्वीकृत होने पर नाराजगी जताई और सभी जिला समन्वयकों को शत- प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।

शिविर में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में सहायक उद्योग निदेशक, उद्योग विभाग बिहार (पटना), जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक तथा विभिन्न बैंकों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों के बीच ऋण स्वीकृति पत्र और ऋण राशि का वितरण किया गया। जिलाधिकारी ने सभी लाभार्थियों को शुभकामनायें देते हुये उन्हें ईमानदारी और लगन से कार्य करने के लिये प्रेरित किया और कहा कि ये योजनायें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित