मुंबई , मार्च 16 -- शिवसेना (यूबीटी) नेता अंबादास दानवे ने पुलिस को दी गयी लिखित शिकायत में कहा है कि उन्हें पिछले कुछ दिनों में अज्ञात लोगों से कई धमकी भरे कॉल आए हैं।

श्री दानवे ने लिखित शिकायत के ज़रिए छत्रपति संभाजीनगर के पुलिस आयुक्त को इस मामले की जानकारी दी है। उनका कहना है कि उन्हें पिछले तीन-चार दिनों से आधी रात 12 बजे से दो बजे के बीच लगातार धमकी भरे फ़ोन कॉल आ रहे हैं। शुरू में इन कॉल पर ज़्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब ये बार-बार आने लगे, तो उन्होंने पुलिस से संपर्क करने और शिकायत दर्ज कराने का फ़ैसला किया।

इस घटना के बारे में श्री दानवे ने कहा कि इन धमकियों से उनकी और उनके परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को ख़तरा हो सकता है। उन्होंने साफ़ किया कि वे ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने पुलिस से एहतियाती कदम उठाने और ज़रूरी सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

श्री दानवे ने यह भी कहा कि राजनीति में ऐसी धमकियां मिलना कोई नयी बात नहीं है। कभी-कभी लोग गुस्से में या शराब के नशे में, अंजाम के बारे में सोचे बिना ऐसी धमकियां दे देते हैं।

पुलिस ने कॉल करने वाले का पता लगाने के लिए इस मामले में जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित