मुंबई , जनवरी 12 -- शिवसेना (शिंदे गुट) ने मुंबई की पूर्व मेयर एवं प्रतिद्वंद्वी शिवसेना उम्मीदवार किशोरी पेडनेकर के नामांकन को चुनौती देते हुए बॉम्बे उच्च न्यायालय का रुख किया है।

यह याचिका सोमवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की प्रवक्ता सूसी शाह ने दायर की। सुश्री शाह ने मुख्य न्यायाधीश श्री चंद्रशेखर और न्यायमूर्ति गौतम अंखड की पीठ के समक्ष तत्काल सुनवाई की मांग की और मामले में तत्काल न्यायिक हस्तक्षेप का अनुरोध किया।

याचिका में आरोप लगाया है कि सुश्री पेडनेकर ने आगामी नगर निगम चुनावों के मद्देनजर अपना नामांकन पत्र दाखिल करते समय अपने खिलाफ दर्ज कई प्राथमिकी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई।

अदालत ने हालांकि यह देखते हुए तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया कि 15 जनवरी को होने वाले नगर निगम चुनावों में केवल कुछ ही दिन बचे हैं। पीठ ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के इस चरण को देखते हुए चुनाव खत्म होने के बाद याचिका पर सुनवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि सुश्री पेडनेकर ने मध्य मुंबई के वार्ड नंबर 199 से बीएमसी चुनाव लड़ने के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। पार्टी में विभाजन के बाद शिवसेना के दोनों गुटों के बीच तीव्र राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बीच उनके नामांकन को चुनौती दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित